नजदीकी गांव खेड़ी जट्टां में गत दिवस 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। हालांकि ससुराल वाले मौत की वजह अज्ञात बीमारी बता रहे थे परंतु पुलिस ने मृतका के पिता के बयान पर उसके पति व सास-ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है। पिता का आरोप है कि उसकी बेटी को बदसूरत बताकर ससुरालिया परिवार उससे नाता तोड़ना चाहता था।
जानकारी मुताबिक दीक्षा पुत्री कृष्ण कुमार वासी गांव सरस्वती नगर मुस्तफाबाद जिला यमुनानगर का विवाह 7 जुलाई 2019 को खेड़ी जट्टा गांव के कमल कांत पुत्र तरसेम गोयल के साथ हुआ था। पुलिस को दी शिकायत में किशन कुमार ने आरोप लगाया कि ससुरालिया परिवार शुरू से ही दहेज की मांग को लेकर उसकी बेटी को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता आ रहा था। कमलकांत उसकी बेटी को बदसूरत बताकर उससे नाता तोड़ना चाह रहा था।
दहेज प्रताड़ना बारे कई बार उसकी बेटी ने उन्हें शिकायत भी की परंतु वह उसका घर बसाना चाहते थे इसलिए मामले को दबाते रहे। यह भी बयान किया कि जब दीक्षा करीब सवा 3 महीने की गर्भवती थी तो उसका गर्भ टेस्ट करा कर लड़की होने का पता चला जिस पर ससुराल या परिवार ने उसका गर्भपात करवा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि 1 मई को रात करीब 11:00 बजे गांव के सरपंच ने उन्हें फोन किया कि उनकी बेटी की तबीयत बहुत खराब है। जब तक वह पहुंचे उनकी बेटी अस्पताल में दम तोड़ चुकी थी।
हालांकि ससुराल या परिवार किसी बीमारी या हार्टअटैक को दीक्षा की मौत की वजह बता रहा था परंतु दीक्षा के मायके वालों ने बॉडी डेराबस्सी सिविल अस्पताल के मुर्दाघर में रखवा रविवार को तीन डाक्टरों का पैनल बनाकर बकायदा वीडियोग्राफी के बीच दीक्षा के शव का पोस्टमार्टम कराया। तफ्तीश अफसर एसआई गौरव कुमार ने बताया कि पुलिस ने कृष्ण कुमार के बयान पर दीक्षा के पति कमलकांत, ससुर तरसेम गोयल और सास नीलम रानी के खिलाफ आईपीसी 304 बी के तहत केस दर्ज कर लिया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
https://ift.tt/2KSY0Yn