शहर में तेजी से कोरोना वायरस फैल रहा है। इस फैलाव को रोकने के लिए प्रशासन कितना चुस्त है, इस बात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पाॅजिटिव केस का पता चलने के बाद भी अफसरों ने कुछ नहीं किया। दरबार साहिब के रागी पद्मश्री निर्मल सिंह कोरोना वायरस पॉजिटिव थे और वे चंडीगढ़ में 19 मार्च को सेक्टर-27 में एक निजी समागम में आए थे। यहां पर करीब 150 लोग इकट्ठा हुए थे। अमृतसर प्रशासन ने चंडीगढ़ प्रशासन को जानकारी दे दी थी कि रागी ने आपके शहर में भी कार्यक्रम किया था। लेकिन यहां के अफसरों ने कुछ नहीं किया। गुरुवारतड़के जब रागी की मौत हो गई तो दिन में हेल्थ डिपार्टमेंट की टीम सेक्टर-27 पहुंची और 40 लोगों क्वारेंटाइन किया। इनके घरों के बाहर पोस्टर लगा दिए गए हैं। अगर यहां से मामला बढ़ा तो इसका जिम्मेदार प्रशासन ही होगा।
अफसरों को परवाह ही नहीं: रागी के बारे में जानकारी प्रशासन को भास्कर की ओर बुधवार रात 9:45 बजे ही दे दी गई थी। लेकिन प्रशासन के अफसर तब सो रहे थे। क्वारेंटाइन के लिए नोडल ऑफिसर बनाए गए अनिल गर्ग को जब रात को इस बारे में बताया गया कि सेक्टर-27 में कोठी नंबर 73 में समागम हुआ था। वहां पर दरबार साहिब के रागी पद्मश्री निर्मल सिंह भी आए थे, जो कोरोना पॉजिटिव थे। लेकिन अनिल गर्ग कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है। यह कहते ही फोन काट दिया। जानकारी के बावजूद प्रशासन के अफसर सोते रहे।
नोडल ऑफिसर ने कहा-फील्ड में रहते हैं, थक जाते हैं
गुरुवारदोपहर 12:30 बजे जब अनिल गर्ग को दोबारा फोन करके पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी थी। उनसे कहा गया कि आपने रात को क्यों लोगों को क्वारेंटाइन नहीं किया? रात बीतने का इंतजार क्यों किया? उनका कहना था दिन में कई मीटिंग्स और फील्ड में भी काम करते हैं, थक जाते हैं। गर्ग ने बताया कि 40 से अधिक लोगों को क्वारेंटाइन किया गया है। 70 लोग जो इस समागम में इकट्ठा हुए थे, उसकी लिस्ट मिली है। हम उन्हें ट्रेस करने में लगे हैं।
लापरवाही के बारे में पता लगाया जाएगा
अब तक इस समागम में हिस्सा लेने वाले लगभग 80 लोगों को होम क्वारेंटाइन किया जा चुका है। जहां तक लापरवाही का सवाल है तो इस बारे में पता लगाया जाएगा। प्रशासन की ओर से सख्त हिदायत है कि कोई भी ऐसी सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई शुरू की जाए।-डायरेक्टर पब्लिक रिलेशन, यूटी चंडीगढ़।
चंडीगढ़ में 151 लोगों का होम क्वारेंटाइन हुआ पूरा
चंडीगढ़ में अब तक जहां कुल 1256 से ज्यादा लोगों को होम क्वारेंटाइन एहतियातन किया गया है। दूसरी तरफ कुल 151 लोग ऐसे भी हैं, जिनका ये 14 दिनों का क्वारेंटाइन टाइम 1 अप्रैल तक पूरा हो चुका है। हांलाकि प्रशासन की तरफ से इन लोगों को कहा गया है कि उनका क्वारेंटाइन पीरियड तो पूरा हो चुका है लेकिन 14 दिन वे खुद को आइसोलेट करें। जिन लोगों को होम क्वारेंटाइन किया जाता है जो या तो हाल ही में विदेश यात्रा करके लौटे हैं, या इन लोगों के संपर्क में थे या फिर पाॅजिटिव मामले जितने आए हैं उनके सीधे संपर्क में या उससे आगे की चेन में ये लोग थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
https://ift.tt/3dPIvNU