रायपुररानी(संजय पारवाला).कोरोनावायरस के कारण किए गए लॉकडाउन की वजह से पोल्टी फार्म उद्योग का तगड़ा झटका लगा है। संकट के बीच प्रशासन की ओर से मुर्गियों के लिए दाने का इंतजाम नहीं करने की स्थिति में शुक्रवार को पोल्ट्री फार्म एसोसिएशन ने डीसी पंचकूला से मुर्गियां मारने की परमिशन मांगी है। उनका कहना है कि 25 मार्च को डीसी को एक पत्र सौंपकर हेफेड से 10 दिन के लिए सरकारी रेट पर बाजरा देेने की मांग की गई थी। एसोसिएशन ने लिखा कि 100 ट्रकों के लिए 1530 सरकारी रेट से ज्यादा 1550 रुपए प्रति क्विंटल बाजरे का पैसा जमा करवाया गया है। प्रशासन इस ऑफर को कैंसिल करके मुर्गियों को मारने की परमिशन दे।
डिप्टी सीएम के दावे को बताया झूठा
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने दावा किया था कि मुर्गियों की फीड के लिए पोल्ट्री फार्मर्स तक बाजरा पहुंचा दिया है। उस दावे को पोल्ट्री फार्म एसोसिएशन के प्रधान ने खारिज करते हुए कहा कि एक भी दाना बाजरे का हमें नहीं मिला। काेराेना वायरस के प्रकोप के बाद प्रशासन के पास पाेल्ट्री फार्मर मदद के लिए गए। मदद ताे दूर उल्टा हैफेड ने 1530 की बजाए 1550 रुपए क्विंटल के हिसाब से 100 ट्रकाें के पैसे जमा करवा लिए गए। जबकि यह दाैर मदद करने का है, उल्टा लूट-खूसट चल रही है।
150 रुपए के हिसाब से दिया जाए हर्जाना
लॉकडाउन के बाद मुर्गियों को फीड देने के लिए एक भी दाना नहीं और अब तक कोई सरकारी मदद नहीं मिली है। आज डीसी साहब से मिलकर मुर्गियां मारने का पत्र सौंपकर परमिशन मांगी गई है। पहले भी डीसी को मिलकर हैफेड से बाजरा देने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अभी तक हमें बाजरा नहीं मिला है। हमसे 100 ट्रकों के पैसे जमा करवा लिए गए, सरकारी टेंडर प्रति क्विंटल बाजरा 1530 रुपए है और हमारे से 1550 के हिसाब से पैसे लिए गए। नोडल अधिकारी नियुक्त कर 150 रुपए मुर्गी के हिसाब से हर्जाना दिया जाए। -दर्शन सिंगला, प्रधान हरियाणा पोल्ट्री फार्म एसोसिएशन बरवाला
150 पोल्ट्री फार्म में हैं मुर्गियां
लेटर में रायपुररानी-बरवाला के करीब 150 पोल्ट्री फार्मों की 1 करोड़ 50 लाख मुर्गियों को मारने की परमिशन मांगी है। कहा कि लॉकडाउन के बाद लगातार स्थिति खराब होती जा रही है। रायपुररानी के गोलपुरा गांव के एक पोल्ट्री फार्मर ने तो मुर्गियों से भरा पोल्ट्री फार्म छोड़कर फरार हो गया, जिस पर मुर्गियां मरने के बाद पुलिस ने केस भी दर्ज कर लिया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
https://ift.tt/2QLAu2P